आरएस पुरा। पुराना पिंड गांव में कस्टोडियन जमीन पर भवन निर्माण कार्य के दौरान कार्रवाई के खिलाफ प्रदर्शन करने वालों पर मामला दर्ज किए जाने से लोगों में भारी रोष है। गुस्साए लोगों ने क्षेत्र में प्रदर्शन करते हुए दवेन्द्र चौक मार्ग बंद कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
बाजार एसोसिएशन आरएस पुरा के प्रधान सचिन चाेपड़ा की अध्यक्षता में शुक्रवार को गुरु रविदास मंदिर से सैकड़ों की संख्या में लोग एसडीएम आरएस पुरा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बाजार में पहुचे।
सचिन चोपड़ा ने कहा कि लोगों को इंसाफ दिलवाने के लिए प्रदर्शन करने पर एसडीएम आरएस पुरा की तरफ से मामला दर्ज करने के साथ पक्षपात किया जा रहा है जिसे बर्दाश्त नही किया जाएगा।
प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि एसडीएम आरएस पुरा की ओर से आम लोगों को लगातार परेशान किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों से लोग जिस जमीन पर रह रहे हैं और अपने मकान बना रहे हैं, अब अचानक उन पर कार्रवाई कर उन्हें डराया जा रहा है।
प्रदर्शन में शामिल समाज सेवक इन्द्रजीत सूदन ने कहा कि प्रशासन को पहले कस्टोडियन की जमीन पर निर्माण करने पर नोटिस देकर उनकी समस्याएं सुननी चाहिए थीं। बिना उचित प्रक्रिया अपनाएं कार्रवाई की गई, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ी है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग उठाने पर सचिन चोपडा़ पर मामला दर्ज करना गलत है। उन्होंने कहा कि अपनी आवाज उठाना हर नागरिक का अधिकार है और प्रशासन को लोगों पर दबाव बनाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने सरकार और संबंधित अधिकारियों से मांग करते हुए कहा कि दर्ज किए गए मामलों को वापस लिया जाए। लोगों को बेवजह परेशान करना बंद किया जाए। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।