सांबा। पुलिस ने बाड़ी ब्राह्मणा क्षेत्र में सराफा दुकान में हुई चोरी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 10.50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य चोरी का सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 12 मई को साहिल अबरोल निवासी वार्ड नंबर-4 बिश्नाह ने थाना बाड़ी ब्राह्मणा में शिकायत दर्ज कराई थी। कहा था कि रघुनाथ बाजार स्थित उनकी ज्वेलरी दुकान “राज ऑर्नामेंट्स” में 11 मई की रात अज्ञात चोरों ने सेंध लगाकर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, अलमारी और अन्य सामान चोरी कर लिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता और लगातार छापेमारी के बाद तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूजल जल निवासी घगोट रामनगर उधमपुर, वर्तमान निवासी सैनिक कॉलोनी जम्मू, आकाश नायर निवासी चट्ठा जम्मू तथा नीरज मसीह निवासी डोगरा हॉल जम्मू के रूप में हुई है।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने करीब 14.74 ग्राम सोने के आभूषण, 2.650 किलोग्राम चांदी के आभूषण, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा, 10 हजार रुपये नकद तथा चोरी की गई तिजोरी नुमा अलमारी बरामद की। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई सैंट्रो कार को भी जब्त कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे जांच जारी है और चोरी में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।