आरएस पुरा। बाल सुधार गृह से भागे दो पाकिस्तानियों समेत तीन को एसओजी को सौंप दिया गया है। पुलिस कर्मियों पर हमले के बाद जांच में कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं।
सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तानी नागरिक मोहम्मद सनाउल्लाह व अहसान अली से की गई पूछताछ में पता चला कि बाल सुधार गृह से भागने के बाद वह कैसे अंबाला पहुंचे। मास्टर माइंड करणजीत सिंह उर्फ गुग्गा लुधियाना में उन्हें मोबाइल व पचास हजार रुपये देकर चला गया। इसके बाद दोनों अंबाला पहुंचे। उन्होंने बताया कि मलेशिया में बैठे किसी व्यक्ति ने उन्हें एक लाख रुपये की राशि भेजी थी। इसमें से पचास हजार रुपये उन्हें मिले।
उन्होंने बताया कि बाल सुधार गृह में रहने के दौरान करणजीत सिंह वाईफाई से अपने सहयोगियों से बात करता था। बाद में भागते समय मोबाइल गुम होने पर उन्हें पंजाब में मिले एक व्यक्ति ने दूसरा मोबाइल दिया था। बताया जा रहा है कि इन दोनों पाकिस्तानी युवकों को देसी कट्टा मुहैया कराने वाले युवक राहुल को पूछताछ के लिए एसओजी को सौंपा गया। इस मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है कि पाकिस्तान में बैठे सगठनों की शह पर मास्टर माइंड करणजीत सिंह उर्फ गुग्गा उनके संपर्क में था कि नहीं।