आरएस पुरा। जम्मू कश्मीर में आम आदमी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक ओम प्रकाश खजूरिया को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। पार्टी के अध्यक्ष और विधायक मेहराज मालिक की तरफ से जारी आदेश में कहा गया है कि ओम प्रकाश खजूरिया की पार्टी से सदस्यता को तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया है। उनके कार्यों और आचरण को पार्टी के मूल्यों, सिद्धांतों और अनुशासन के खिलाफ पाया गया।
सूत्रों के मुताबिक आम आदमी पार्टी में मेहराज मलिक के अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी में मिली जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली थी। पार्टी का एक तबका उन्हें राज्य अध्यक्ष के तौर पर स्वीकार करने के लिए तैयार नहीं था, जबकि एक वर्ग उन्हें अपना नेता मान चुका है। विरोध करने वालों का कहना है कि पार्टी हाईकमान ने मेहराज को अध्यक्ष बनाने से पहले उनसे नहीं पूछा जबकि उनके समर्थन में उतरे नेताओं का कहना है कि मलिक जम्मू कश्मीर की आवाज बन चुके हैं। उनके अध्यक्ष बनने से पार्टी को बहुत लाभ हुआ है। वही असंतुष्ट नेताओं का कहना है कि जम्मू कश्मीर में पार्टी इकाई को भंग करने का निर्णय केवल हाईकमान ले सकता है और दूसरी बात अगर इकाई भंग हो चुकी है तो फिर प्रधान का पद कैसे बना रह सकता है।