परगवाल। उमस भरी गर्मी के बीच तहसील परगवाल के करीब तीस गांवों के लोग लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं। लोगों के घरों में बल्ब जुगनू की तरह जल रहे हैं। पंखे रेंग रहे हैं। एसी-कूलर काम नहीं कर रहे हैं। बिजली होने पर भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल पा रही है। शिकायत के बाद भी विभागीय अधिकारी अनजान बने हैं।
स्थानीय ग्रामीणों ने बिजली विभाग से लो वोल्टेज से जल्दी निजात दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि वह अगर बिल पूरा दे रहे हैं तो बिजली भी पूरी दी जाये। खासकर लो वोल्टेज से लोग बहुत परेशान हैं।
स्थानीय निवासी बलवान सिंह, रतन सिंह, रमेश सिंह ने बताया कि मौजूदा समय में वोल्टेज 80 से 130 तक आ रही है। इन्वर्टर चार्ज नहीं हो रहे हैं। नलकूपों की मोटरें नहीं चलने से पानी की समस्या खड़ी हो रही है। विभाग के पास कोई जवाव नहीं है। उन्होंने लो वोल्टेज की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।