नशा मुक्त अभियान के तहत सांबा में ड्रग्स एंड फूड कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन की बड़ी कार्रवाई
10 मेडिकल प्रतिष्ठानों के संचालन को रोका
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। ड्रग्स एंड फूड कंट्रोल ऑर्गेनाइजेशन जम्मू-कश्मीर ने सांबा में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान मेडिकल स्टोर का औचक निरीक्षण किया गया।
विभाग के अनुसार अभियान के दौरान गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर सोनू मेडिकोज कोठी विजयपुर और विशाल मेडिकल एजेंसी टप्याल घगवाल के ड्रग बिक्री लाइसेंस रद्द कर दिए गए। इसके अलावा बिक्री रिकॉर्ड का उचित रखरखाव न करने पर जिले के 10 अन्य मेडिकल प्रतिष्ठानों के संचालन को मौके पर ही रोक दिया गया।
इन प्रतिष्ठानों में केएस मेडिकल एजेंसी (गोदाम) सांबा, वैष्णो मेडिकल एजेंसी विजयपुर, पंकज मेडिकल एजेंसी गुड़ा मोड़ विजयपुर, रघु मेडिकोज तेली बस्ती बाड़ी ब्राह्मणा, हरिंदर मेडिकल एजेंसी विजयपुर, लाइफ क्योर मेडिकल एजेंसी विजयपुर, कॉन्सर्ट फार्मा घगवाल, शर्मा हेल्थकेयर जतवाल, सदोत्रा मेडिकल हॉल पल्ली मोड़ बाड़ी ब्राह्मणा और थंब्स ग्रीन मेडी एड सरोर अड्डा बाड़ी ब्राह्मणा शामिल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि इन प्रतिष्ठानों ने प्रेगाबालिन-300 जैसी आदत बनाने वाली दवाओं की बिक्री का रिकॉर्ड निर्धारित नियमों के अनुसार नहीं रखा था। यह ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट 1940 के प्रावधानों का उल्लंघन है। संबंधित प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। कार्रवाई के दौरान सोनू मेडिकोज, कोठी विजयपुर से करीब एक लाख रुपये मूल्य की प्रेगाबालिन-300 दवा भी जब्त की गई।
कोट
राज्य औषधि नियंत्रण विभाग नशीली दवाओं के दुरुपयोग को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ जम्मू-कश्मीर प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति है। नियमों का उल्लंघन करने वाले लाइसेंस धारकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- राजेश कुमार, औषधि नियंत्रक जम्मू-कशमीर
-
सरकार जनस्वास्थ्य की सुरक्षा और नशे के बढ़ते खतरे पर अंकुश लगाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अवैध दवा वितरण नेटवर्क से जुड़े लोगों और संस्थानों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
- खालिद जहांगीर, आयुक्त, एफडीए जम्मू-कश्मीर