डीसी आयुषी सूदन ने किया लॉजमेंट केंद्रों का निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
सांबा। श्री अमरनाथ यात्रा को लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया है। उपायुक्त आयुषी सूदन ने जिले में बनाए गए लाॅजमेंट केंद्रों चीची माता, नौनाथ आश्रम और दियानी ट्रांजिट कैंप का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने यात्रियों की सुविधा और सुचारु ठहराव के लिए किए जा रहे प्रबंधों का जायजा लिया। उन्होंने सभी केंद्रों पर सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, बिजली, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, स्नानघर, आवासीय हाल और पावर बैकअप जैसी सुविधाओं की समीक्षा की। इस दौरान एडीसी जगदीश सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि सभी जारी कार्यों को समय पर पूरा किया जाए और यात्रा प्रबंधन को सुचारु बनाने के लिए आपसी समन्वय बनाया जाए।
चीची माता लाजमेंट केंद्र में उन्होंने श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए विकसित की जा रही सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वच्छता और साफ-सफाई पर विशेष जोर दिया। उन्होंने शौचालयों, स्नानघरों और आसपास के परिसर की नियमित देखरेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीसी ने नोनाथ आश्रम में आवासीय व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संबंधित विभागों को यात्रियों के लिए निर्बाध बिजली और पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ-साथ साफ-सफाई बनाए रखने को कहा। दियानी ट्रांजिट कैंप के निरीक्षण के दौरान उन्होंने आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं।
डीसी आयुषी सूदन ने कहा कि श्री अमरनाथ जी यात्रा के दौरान सांबा जिले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, आरामदायक और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।