सांबा। जम्मू-कश्मीर मेडिकल एसोसिएशन और स्वास्थ्य कर्मचारियों की संयुक्त एक्शन कमेटी ने छह दिनों से जारी हड़ताल को फिलहाल स्थगित करने का फैसला लिया है। यह निर्णय सरकार की ओर से सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद लिया गया।
एसोसिएशन के नेता कुलदीप ने बताया कि वित्त विभाग की तरफ से 20 मार्च 2026 को जारी आदेश में कुछ श्रेणियों के स्वास्थ्य कर्मचारियों की ढाई दिन की सैलरी बंद कर दी गई थी। इसके विरोध में कर्मचारी पिछले छह दिनों से शांतिपूर्ण हड़ताल कर रहे थे।
संगठन नेता ने बताया कि सोमवार को स्वास्थ्य मंत्री सकीना इत्तू ने एसोसिएशन प्रतिनिधियों को टेबल टॉक के लिए बुलाया। बैठक में उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांग जायज है और ढाई दिन की सैलरी बंद नहीं होनी चाहिए थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की समीक्षा कर जल्द समाधान निकाला जाएगा।
मंत्री ने यह भी कहा कि इस मुद्दे पर उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से भी चर्चा की है। सरकार ने दो से चार दिनों में औपचारिक आदेश जारी करने की बात कही है। संयुक्त एक्शन कमेटी ने सरकार को दो सप्ताह का समय देते हुए हड़ताल को फिलहाल स्थगित करने की घोषणा की है। कर्मचारियों ने कहा कि यदि तय समय में उनके पक्ष में आदेश जारी नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन शुरू करेंगे।
कर्मचारी नेताओं ने स्पष्ट किया कि 1991 से ढाई दिन का वेतन प्राप्त कर रहे सभी पात्र स्वास्थ्य कर्मियों को उनका अधिकार मिलना चाहिए। फिलहाल कर्मचारी काम पर लौटेंगे, लेकिन सरकार के फैसले पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।