सांबा। जिले के नड में जवाहर नवोदय विद्यालय में राष्ट्रीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस वर्ष की प्रदर्शनी का प्रमुख विषय सतत भविष्य के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी रहा। इसके अंतर्गत भोजन, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, परिवहन और संचार, प्राकृतिक खेती, आपदा प्रबंधन, गणितीय मॉडलिंग और संगणनात्मक चिंतन, कचरा प्रबंधन व संसाधन प्रबंधन जैसे उप-विषय शामिल रहे।
इस कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर के विभिन्न जवाहर नवोदय विद्यालयों रियासी, कठुआ, सांबा, उधमपुर, किश्तवाड़, पुंछ, राजोरी, जम्मू-I, जम्मू-II, रामबन एवं डोडा के 70 से अधिक छात्र छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया। छात्रों ने उपरोक्त विषय पर अपने स्वनिर्मित मॉडल एवं प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. संजय खजूरिया मुख्य वैज्ञानिक एवं प्रमुख कृषि विज्ञान केंद्र, सांबा और विद्यालय के उप-प्राचार्य डा. सकलानी व स्टाफ के अन्य सदस्यों की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन कर किया गया।