स्केट्स पर वैष्णो देवी यात्रा पर जाती 9 वर्षीय वंशिका। संवाद
केदारनाथ, अयोध्या और गया के बाद अब मां वैष्णो देवी के दर्शन करने का लक्ष्य
800 किलोमीटर का सफर पूरा कर पहुंची सांबा
विशाल जसरोटिया
सांबा। चौथी कक्षा में पढ़ने वाली नौ वर्षीय वंशिका यादव ने हिम्मत, लगन और आस्था से लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। उत्तर प्रदेश के आगरा क्षेत्र के शिकोहाबाद की वंशिका स्केट्स के सहारे मां वैष्णो देवी के दरबार तक पहुंचने के संकल्प को पूरा करने में जुटी हैं। 800 किलोमीटर का सफर तय कर शुक्रवार को वह दो भाइयों और पिता के साथ सांबा पहुंचीं यहां स्थानीय स्वयंसेवियों ने उनका स्वागत किया।
स्वयंसेवियों ने वंशिका और उसके परिवार को मां वैष्णो देवी की चुनरी और तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया। नन्हीं बच्ची का जोश और आत्मविश्वास देखकर वहां मौजूद लोग प्रभावित भी नजर आए। वंशिका यादव के पिता शिव शंकर यादव ने बताया कि बेटी ने तीन वर्ष पहले स्केटिंग सीखना शुरू किया था। शुरुआत में यह केवल एक खेल था लेकिन धीरे-धीरे उसने इसे अपनी पहचान बना लिया। इसी जुनून के दम पर वह पहले भी स्केट्स के माध्यम से केदारनाथ धाम, अयोध्या और गया की धार्मिक यात्राएं पूरी कर चुकी हैं।
इस बार गर्मी की छुट्टियों के दौरान वंशिका ने दो भाइयों के साथ मां वैष्णो देवी की यात्रा स्केट्स पर करने का निर्णय लिया। 2 जून को शिकोहाबाद से शुरू हुई यह यात्रा लगातार आगे बढ़ रही है। रास्ते में विभिन्न शहरों और कस्बों में लोगों ने उनका उत्साह बढ़ाया और सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दीं। वंशिका और उनके दोनों भाई स्केट्स पर सफर कर रहे हैं। वहीं उनकी सुरक्षा के लिए उनके पिता शिव शंकर यादव और चाचा समेत परिवार के अन्य सदस्य कार में उनके साथ-साथ चल रहे हैं। यात्रा मार्ग पर हर समय बच्चों पर नजर रखी जा रही है।
शुक्रवार को सांबा पहुंचने पर वंशिका ने कहा कि मां वैष्णो देवी के दर्शन करना उसका सपना है। वह पूरे उत्साह और विश्वास के साथ अपनी मंजिल की ओर बढ़ रही है। स्थानीय लोगों ने उसकी इस अनूठी यात्रा की सराहना करते हुए उसे शुभकामनाएं दीं। वंशिका की यह यात्रा न केवल बच्चों के लिए प्रेरणा है बल्कि यह संदेश भी देती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और परिवार के सहयोग से कठिन से कठिन लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं।
स्केट्स पर वैष्णो देवी यात्रा पर जाती 9 वर्षीय वंशिका। संवाद