सांबा। औद्योगिक क्षेत्र सिडको फेज-1 सांबा स्थित एक फैक्ट्री परिसर में काम करने वाले प्रवासी श्रमिक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान मंगमांगसी मोग मूल निवासी त्रिपुरा (वर्तमान निवासी सिडको सांबा) के रूप में हुई है। वह नय्यर स्टील इंडस्ट्री में कार्यरत था।
जानकारी के अनुसार उसी फैक्ट्री में कार्यरत अन्य कर्मी ने इस संबंध में सिडको पुलिस चौकी को सूचना दी। सूचना में बताया गया कि मंगमांगसी मोग किराए के कमरे में मृत अवस्था में पाया गया। यह कमरा फैक्ट्री परिसर के भीतर ही स्थित है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। इससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत के असली कारणों का पता लगाया जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।