सांबा। शहर के मुख्य चौक के पास लिंक मार्ग स्थित कपड़ों की दुकान में रविवार को आग लगने से लाखों रुपये का सामान जल गया। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के दुकानदारों ने तुरंत पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं जिससे पास की दुकानों में भी दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। एहतियात के तौर पर नजदीकी दुकानों से भी सामान हटाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन दुकान में रखा तैयार कपड़ा, रेडीमेड वस्त्र और अन्य सामान जल गया। स्थानीय व्यापारियों के मुताबिक आग से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। पुलिस व प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रही हैं। संवाद