सांबा। क्षेत्र के सुंब-गोरन रोड के निर्माण कार्य की शुरुआत हो गई है। लंबे समय से बदहाल पड़ी इस सड़क के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब निर्माण शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही पूरे मार्ग पर तारकोल बिछा दिया जाएगा।
सड़क की खराब स्थिति को लेकर ग्रामीणों ने कई बार संबंधित विभाग से मांग की थी लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही थी। इस मुद्दे को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया जिसके बाद प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस ओर गया। क्षेत्र के विधायक सुरजीत सिंह सलाथिया के प्रयासों से अब सड़क निर्माण का काम शुरू हो पाया है।
स्थानीय निवासी रमेश कुमार ने कहा कि सड़क की हालत इतनी खराब थी कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया था। अब काम शुरू होने से हमें बड़ी राहत मिली है। सीमा देवी ने बताया कि बरसात में तो हालात और खराब हो जाते थे। बच्चों को स्कूल भेजना भी चिंता का कारण रहता था। सड़क बनने से गांव के लोगों को काफी सुविधा मिलेगी। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण शुरू होने पर विधायक और प्रशासन का आभार जताया है। साथ ही उन्होंने कहा कि सड़क का मुद्दा प्रमुखता से उठाने के लिए अमर उजाला के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार जताया।