नौ माह तक कार्रवाई न होने पर कोर्ट सख्त, कहा-इन्क्वेस्ट जांच एफआईआर का विकल्प नहीं
सांबा। स्पेशल मोबाइल मजिस्ट्रेट की अदालत ने संदिग्ध परिस्थितियों में हुई एक सेना के जवान की मौत के मामले में सांबा थाने के एसएचओ को एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू करने के निर्देश दिए हैं। अदालत ने स्पष्ट किया कि धारा 194 बीएनएसएस के तहत चल रही इन्क्वेस्ट कार्यवाही एफआईआर दर्ज करने से बचने का आधार नहीं बन सकती।
यह आदेश न्यायिक अधिकारी राशि वर्मा की अदालत ने मृतक के माता-पिता मंगल सिंह और कमलेश देवी की ओर से दायर याचिका पर सुनाया। याचिका में बताया गया कि सेना में कार्यरत जवान की 2 दिसंबर 2024 को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में एल्युमिनियम फॉस्फाइड (जहर) सेवन की पुष्टि हुई थी।
परिजनों ने आरोप लगाया कि मृतक का एक महिला से संबंध था और घटना के दिन फोन पर हुई बातचीत समेत अन्य परिस्थितियां संदेह पैदा करती हैं। उन्होंने तीन लोगों जिसमें निशा देवी और कुलबीर सिंह शामिल हैं पर आपराधिक साजिश का आरोप लगाया है।
परिजन का कहना था कि घटना के बाद पुलिस को शिकायत देने के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं की गई और केवल इन्क्वेस्ट कार्रवाई का हवाला दिया जाता रहा। करीब 9 माह बीतने के बाद भी एफएसएल रिपोर्ट और जांच आगे नहीं बढ़ी जिसके बाद उन्हें कोर्ट का सहारा लेना पड़ा।
अदालत ने आदेश में कहा कि इन्क्वेस्ट का उद्देश्य केवल मौत के कारणों का प्राथमिक पता लगाना होता है जबकि अपराध की जांच एक अलग और स्वतंत्र प्रक्रिया है जो एफआईआर दर्ज होने के बाद ही शुरू होती है। यदि शिकायत में संज्ञेय अपराध के तत्व सामने आते हैं तो एफआईआर दर्ज करना पुलिस के लिए अनिवार्य है विवेकाधीन नहीं। अदालत ने पाया कि शिकायत में संज्ञेय अपराध के स्पष्ट आरोप मौजूद हैं। इसलिए पुलिस को कानून के अनुसार एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। मामले को आदेश की अनुपालना के लिए संबंधित पुलिस अधिकारी को भेज दिया गया है।