सांबा। जिले के सिडको चौक पर रविवार देर रात एक बार फिर सड़क हादसों का सिलसिला देखने को मिला। रात करीब साढ़े दस बजे यहां पहले एक ट्राला और दो कारों के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और आसपास के लोग मौके पर मदद के लिए पहुंचे।
इसी दौरान फ्लाईओवर से आ रहा एक और ट्राला एक कार से जा टकराया, जबकि उसके पीछे आ रहा तीसरा ट्राला दूसरे ट्राले से भिड़ गया। लगातार हुए इन हादसों में तीन ट्राले और दो कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक ट्राले का चालक और उसका सहयोगी केबिन में फंस गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की संयुक्त कोशिशों से काफी मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों को उपचार के लिए सांबा जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सिडको चौक अब लगातार ब्लैक स्पॉट बनता जा रहा है। उनका आरोप है कि हाईवे विस्तार और फ्लाईओवर निर्माण कार्य में लगी कंपनी नियमों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर रही है, जिसके चलते आए दिन यहां दुर्घटनाएं हो रही हैं। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।