सांबा। कस्बे के महेश्वर इलाके में बाइक पर सवार दो युवक राजमार्ग के बीच डिवाइडर पर लगे पिलर से जा टकराए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान भानु और घायल युवक की पहचान साजन निवासी वार्ड नबंर 4 सांबा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार हादसा शाम पांच बजे महेश्वर क्षेत्र में बूचड़ी इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक सांबा की ओर आ रहे थे। इस दौरान उनकी मोटरसाइकिल डिवाइडर पर लगे पिलर के साथ जा टकराई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों युवकों को पुलिस की तरफ से सांबा के जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने भानु को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल युवक की गंभीर अवस्था को देखते हुए उसे इलाज के लिए एम्स अस्पताल विजयपुर रेफर कर दिया गया।