विजयपुर। केंद्रीय विश्वविद्यालय के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी विभाग ने अत्याधुनिक विषय विजन ट्रांसफॉर्मर और उसके अनुप्रयोग पर एक विशिष्ट विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन किया। इसें भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईएसटी) तिरुवनंतपुरम के प्रो. दीपक मिश्रा ने प्रस्तुत किया। इस कार्यक्रम में ईसीई विभाग के संकाय सदस्यों, शोधार्थियों और छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कंप्यूटर विज़न के क्षेत्र में एक शिक्षाविद और शोधकर्ता प्रो. मिश्रा ने छवि वर्गीकरण, वस्तु पहचान और कंप्यूटर विज़न कार्यों में विज़न ट्रांसफॉर्मर की उभरती भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने अंतर्निहित संरचना, कन्वोल्यूशनल न्यूरल नेटवर्क (सीएनएन) पर इसके लाभों और रिमोट सेंसिंग, मेडिकल इमेजिंग और स्वायत्त प्रणालियों में इसके वास्तविक अनुप्रयोगों का गहन अवलोकन प्रदान किया। यह सत्र अत्यंत रोचक और बौद्धिक रूप से समृद्ध था, जिसने प्रतिभागियों को अत्याधुनिक गहन शिक्षण मॉडलों और उनके अंतःविषय अनुप्रयोगों के बारे में बहुमूल्य जानकारी प्रदान की।