अरनिया। ज़ेडएमओ अरनिया डॉ. रोहित कुमार की देखरेख में मंगलवार को पोआल में सर्पदंश जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन डॉ. शबनम गुप्ता व उनकी टीम ने किया। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को सर्पदंश से बचाव एवं आपातकालीन प्रबंधन के बारे में जागरूक करना था।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को विषैले और गैर-विषैले सांपों की पहचान, सर्पदंश होने पर प्राथमिक उपचार के तात्कालिक कदम और पारंपरिक तथा हानिकारक उपचार पद्धतियों से बचने पर विस्तार से जानकारी दी गई। विशेष रूप से एंटी स्नेक वेनम के समय पर उपयोग और निकटतम स्वास्थ्य संस्थान तक शीघ्र पहुंचाने के महत्व को समझाया गया। जन-जागरूकता को प्रभावी बनाने के लिए स्वयं द्वारा बनाए गए सरल व संदेशात्मक पोस्टर भी प्रदर्शित किए गए। इनमें बचाव व आपातकालीन कदम स्पष्ट रूप से दर्शाए गए। ग्रामीणों ने कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रश्न पूछकर अपनी शंकाएं दूर कीं।