अरनिया। अरनिया कस्बे की महाशय की बोहड़ी में शिवसेना हिंदुस्तान ने वीरवार को बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने अनियोजित बिजली कटौती और बढ़ते बिलों के विरोध में आवाज उठाई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार के 24 घंटे बिजली देने के दावे केवल कागजों तक सीमित हैं और हर साल स्थानीय जनता बिजली की प्रताड़ना सहते हुए थक चुकी है।
शेड्यूल कटौती के अलावा दिन-रात हो रही अघोषित कटौतियों से घरेलू कार्य, छोटे व्यवसाय और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने बताया कि शिकायतों के बावजूद विभाग की ओर से सुनवाई नहीं हो रही और बकाया बिलों का समाधान भी टाल दिया जाता है।
शिवसेना ने चेतावनी दी कि यदि अघोषित कटौतियों पर तुरंत रोक नहीं लगाई गई और बकाया बिलों के निपटारे के ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन और उग्र हो जाएगा। आयोजन में शिवसेना हिंदुस्तान के जिला उप प्रधान भारत भूषण के साथ कार्यकर्ता कमल सिंह, बलबीर कुमार, सुमित कुमार, अजय कुमार एवं अन्य मौजूद रहे।