अरनिया। अरनिया तहसील के दो मुख्य विभाग पिछले लंबे समय से अतिरिक्त कार्यभार पर चल रहे हैं। इनमें अरनिया नगर पालिका (नपा) का कार्यालय और टीएसओ कार्यालय शामिल है।
अरनिया नपा का अतिरिक्त कार्यभार बीडीओ अरनिया के पास है। अरनिया टीएसओ का अतिरिक्त कार्यभार बिश्नाह टीएसओ के पास है। तहसील के दोनों मुख्य विभाग अतिरिक्त कार्यभार पर होने के चलते तहसील के लोगों के जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। लोग दफ्तर के निरंतर चक्कर काट रहे हैं, परंतु अधिकारी की अनुपस्थिति से उन्हें हताशा मिल रही है।
अरनिया नपा में जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए लोगों को देरी हो रही है। मकान बनाने के लिए परमिशन मिलने में देरी हो रही है। वहीं दूसरी ओर नपा अधिकारी की स्थायी तौर पर मौजूदगी न रहने से शहर के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। शहर में सफाई व्यवस्था बिगड़ गई है। नपा की नई इमारत पिछले एक साल से बनकर तैयार है। इसमें शिफ्ट नहीं किया जा रहा है। एमआरएफ प्रोजेक्ट का कार्य अधर में लटका हुआ है। नई सब्जी मंडी पिछले 2 साल से बनकर तैयार है। इसे सुचारू नहीं किया जा रहा है। शहर में खराब स्ट्रीट लाइट, टूटी गलियां, बाजारों में अतिक्रमण, सड़कों पर खड़े बेतरतीब वाहन जैसे मुद्दे हल नहीं हो रहे हैं।
पिछले दो वर्षों से नपा की तरफ से अतिक्रमण ड्राइव नहीं चलाई गई है। अड्डा पर्ची की वसूली नपा के कर्मचारी कर रहे हैं। अड्डा पर्ची का ठेका अभी तक नहीं हो पाया है। इसके चलते अरनिया नपा की व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। अरनिया नपा पिछले दो वर्षों से अतिरिक्त कार्यभार पर चल रही है। स्थायी तौर पर किसी भी अधिकारी की तैनाती नहीं की गई है।
अधिकारी की स्थायी तैनाती न होने से स्टाफ मनमर्जी पर कर रहा है। लोगों की बात सुनने को कोई तैयार नहीं है। जिसका खामियाजा सारा शहर भुगत रहा है। वहीं दूसरी ओर पिछले तीन महीने से टीएसओ की कुर्सी भी अतिरिक्त कार्यभार पर चल रही है। जिसके चलते राशन कार्ड से संबंधित कार्य लोगों के अटके हुए हैं। शादीशुदा महिलाओं को सरेंडर सर्टिफिकेट के लिए भटकना पड़ रहा है। राशन कार्ड में नाम जुड़वाने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ रही है। क्षेत्र के राशन डिपो पर किसी प्रकार की चेकिंग नहीं हो रही है। राशन वितरण में देरी के मामले सामने आ रहे हैं। इसके चलते क्षेत्र के लोग निरंतर परेशान हो रहे हैं।