अरनिया। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से प्रत्येक पंचायत घर में प्राथमिक उपचार के लिए मेडिकल किट उपलब्ध करवाई जा रही है। बीएमओ बिश्नाह घनश्याम सिंह के दिशा निर्देश अनुसार क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को मेडिकल किट दी जा रही है। मेडिकल किट में प्राथमिक उपचार की सामग्री है। इसमें विशेष तौर पर मरहम पट्टी, बिटाडिन, बुखार, खांसी, जुकाम इत्यादि दवाएं हैं।
क्षेत्र के हर स्वास्थ्य केंद्र में जनप्रतिनिधियों को फोन के माध्यम से सूचित किया जा रहा है। इसके बाद उन्हें मेडिकल किट प्राप्त करने के लिए स्वास्थ्य केंद्र में बुलाया जा रहा है। बिश्नाह उप जिला अस्पताल के अंतर्गत सभी स्वास्थ्य केंद्रों में पिछले दो दिन से मेडिकल किट बांटने का कार्य जारी है। पंचायत प्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य विभाग के इस फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि आपातकाल में मेडिकल किट मरीजों के लिए फायदेमंद साबित होगी। उन्होंने कहा कि मेडिकल किट उपलब्ध होने से गांव के पंचायत घर में ही प्राथमिक उपचार की सुविधा मिल जाएगी।