फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jammu News: मेटाडोर सह चालक की हत्या, 5 आरोपी हिरासत में, दो फरार

विज्ञापन
विज्ञापन
बिश्नाह। गांव भटियाड़ी में रविवार देर रात एक मेटाडोर सह चालक पर पांच लोगों ने हमला कर दिया। तेजधार हथियार से उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई कर 5 लोगों को हिरासत में ले लिया है, जबकि दो फरार बताए जा रहे हैं। पकड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। हत्या में शामिल लोग भी मेटाडोर व्यवसाय से जुड़े बताए जा रहे हैं।
विज्ञापन

जानकारी के अनुसार अजय कुमार पुत्र रमेश लाल निवासी भटियाड़ी बिश्नाह से जम्मू चलने वाली मेटाडोर (जेके02एल 7087) में सहचालक था। मेटाडोर का मालिक विशाल कुमार ड्राइवर है। तीन दिन पहले विशाल कुमार की एक युवक के साथ फोन पर किसी मामले को लेकर गाली गलोज हो गई थी। इसके चलते दोनों में बहसबाजी के बाद तनातनी बनी हुई थी। रविवार शाम को विशाल कुमार और अजय कुमार बाड़ी ब्राह्मणा की एक दुकान पर बैठे हुए थे। इसके बाद विशाल कुमार की युवक से फिर फोन पर बहस शुरू हो गई। इतनी देर में युवक मोटरसाइकिल पर दुकान पर पहुंचा। यहां विशाल कुमार और युवक में हाथापाई शुरू हो जाती है। इसके बाद विशाल कुमार और अजय कुमार वापस आ जाते हैं।
विशाल कुमार ने मेटाडोर अपने घर के बाहर मुख्य सड़क किनारे खड़ी कर दी। इसमें विशाल, उसका साथी और अजय बैठे थे। इस दौरान अजय का जीजा मोहित कुमार भी पहुंच गया और अजय को घर चलने के लिए कहने लगा। इसी दौरान स्विफ्ट कार में पांच युवक आए। ये देख विशाल और उसका साथी मौके से भाग जाता है। हमलावरों ने मेटाडोर पर पथराव कर दिया। अजय अपने जीजा मोहित कुमार को घर से उसके पिता और भाई को बुलाने के लिए कहता है। जीजा मोहित चिल्लाते हुए घर की तरफ भागता है। हमलावर नशे में थे। हमलावरों को उग्र होता देख अजय ने मेटाडोर के दरवाजे को बंद कर लिया। हमलावरों ने तेजधार हथियारों से मेटाडोर के सारे शीशे तोड़ दिए। उसके बाद मेटाडोर से अजय कुमार को नीचे उतार लिया। अजय कुमार जान बचाने के लिए जोर-जोर से चिल्लाने लगा। इतनी देर में हमलावरों ने उसकी गर्दन पर तेजधार हथियार से वार किया। अजय कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। उसकी गर्दन लटक गई थी। इसके बाद हमलावर फरार हो गए।
विज्ञापन

जीजा मोहित परिजनों को लेकर घटनास्थल पर पहुंचा तो देखा कि अजय जख्मी हालत में पड़ा है। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर विशाल कुमार के घर में दबिश दी और उसे हिरासत में लिया। साथ ही चार अन्य लोगों को भी पकड़ा है। थाने लाकर उनसे पूछताछ की गई। इसके बाद विशाल कुमार ने सारी आपबीती पुलिस को सुनाई। पुलिस ने टीम का गठन किया। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।

परिजनों ने बिश्नाह-बाड़ी ब्राह्मणा मुख्य मार्ग जाम किया
दूसरी तरफ अजय की मौत से भड़के परिजनों ने बिश्नाह-बाड़ी ब्राह्मणा मुख्य मार्ग को बंद कर दिया। उन्होंने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस के समझाने के बावजूद भी प्रदर्शनकारी नहीं माने। इस दौरान बिश्नाह हलके के विधायक डॉ. राजीव भगत भी पहुंच गए। उन्होंने परिजनों को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसी बीच मृतक का शव एंबुलेंस में घर लाया गया। वहां भी स्थानीय लोग और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। उसके बाद शव को उठाकर विशाल कुमार के घर के आगे रख दिया गया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों की भीड़ उग्र हो गई। प्रदर्शनकारी आरोपी विशाल कुमार के गेट को तोड़ने लग पड़े। विशाल कुमार के घर कुछ प्रदर्शनकारी दीवार फांदकर पहुंच गए। उसके घर के अंदर तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी। पुलिस ने समय रहते मामले को शांत करवाया। उसके बाद परिजन शव को घर ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया गया।

पिता का आरोप-विशाल ने करवाया बेटे का कत्ल
मृतक के पिता रमेश लाल ने बताया कि आरोपी विशाल कुमार ने पैसों के बल पर बदमाश बुलाकर उसके बेटे का कत्ल करवाया है। उन्होंने कहा कि उनका बेटा बैड खरीदने के लिए घर से 15000 रुपये ले गया था।उन्होंने कहा कि विशाल चिट्टे का कारोबार करता है। नशे की आपूर्ति के लिए उसने अजय से जबरदस्ती पैसे मांगने शुरू कर दिए। जब उसने विरोध किया तो उसने किराए पर बदमाश बुलाकर उसका कत्ल करवा दिया। उन्होंने कहा कि विशाल कुमार को सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए।

फरार आरोपियों को जल्द पकड़ लेंगे : एसडीपीओ
घटनास्थल पर पहुंचे एसडीपीओ आरएस पुरा निखिल गोगना ने बताया कि मामले से जुड़े आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। कुछ आरोपी अभी फरार हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने लगभग हत्या के मामले को हल कर लिया है। उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें