बिश्नाह। रिंग रोड पर 9 दिसंबर को कार सवार पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। जान बचाने के लिए पुल से कूदे युवक का उपचार पंजाब के निजी अस्पताल में चल रहा है।
पकड़े गए आरोपियों से दो देसी कट्टे और वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी बरामद की गई है।
बिश्नाह पुलिस ने वारदात का मुख्य आरोपी हैप्पी चौधरी उर्फ गुगली को बताया है, जिसके खिलाफ कुल छह मामले दर्ज हैं। उसके अलावा पांच और आरोपियों की पहचान राजकुमार उर्फ बब्बू निवासी सतवारी, रघुवीर चौधरी निवासी खंडवाल, शिवम चौधरी निवासी सतवारी, रवि सिंह निवासी चट्ठा और अर्जुन सिंह निवासी फ्लायं मंडाल के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात का मुख्य कारण आपसी रंजिश बताई है। जानकारी के अनुसार 9 दिसंबर को पारस शर्मा पुत्र पवन शर्मा निवासी भूरे चक फ्लायं मंडाल रिंग रोड से गाड़ी में दोस्तों के साथ जा रहा था। राजकुमार उर्फ बब्बू और अन्य आरोपियों ने उसका रास्ता रोक लिया। इसके बाद राज कुमार उर्फ बब्बू ने देसी कट्टा निकालकर फायर कर दिया। हमले में पारस शर्मा बाल बाल बचा। इसके बाद पारस शर्मा ने बचने के लिए फ्लाइंग ओवर पुल से छलांग लगा दी। 50 फुट ऊंचाई से गिरने पर बुरी तरह जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे बिश्नाह अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल को जीएमसी रेफर कर दिया गया। इसके बाद उसके परिजन उसे पंजाब के निजी अस्पताल में ले गए, जहां उसका इलाज जारी है। वारदात के दौरान पारस के दोस्तों ने भागकर जान बचाई थी।
एसपी हेडक्वार्टर इरशाद राथर की अध्यक्षता में हत्या के प्रयास के मामले में टीम का गठन किया गया था। थाना प्रभारी बिश्नाह सुशील चौधरी की अगुवाई में आरोपियों को पकड़ने के लिए विभिन्न जगहों पर छापेमारी की गई। वारदात के 48 घंटे के भीतर पुलिस ने बुधवार को आरोपियों को ठंडी खुई क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से दो देसी कट्टे और एक कार (जेके 02 डीएल 6601) बरामद की गई है। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।