राजोरी। उपायुक्त राजोरी अभिषेक शर्मा ने शनिवार को जिले में ईद-उल-अज़हा पर्व के मद्देनज़र किए जा रहे प्रबंधों की समीक्षा की।बैठक में विभिन्न विभागों के जिला एवं सेक्टोरल अधिकारी तथा नागरिक समाज के प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने त्योहार के दौरान प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि विशेष रूप से मस्जिदों, ईदगाहों और बाजारों के आसपास जाम की स्थिति से बचने के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने संबंधित प्रवर्तन विभागों को नियमित बाजार जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए ताकि अधिक मूल्य वसूली पर रोक लगाई जा सके तथा गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।
उपायुक्त ने संबंधित विभागों को आवश्यक वस्तुओं का पर्याप्त भंडार बनाए रखने तथा त्योहार के दिनों में एंबुलेंस और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
सार्वजनिक स्वच्छता और सफाई के महत्व पर बल देते हुए उन्होंने नगर समिति को मस्जिदों, ईदगाहों और अन्य सामूहिक स्थलों के आसपास कचरे के शीघ्र निस्तारण और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार पीडीडी और जल शक्ति विभाग के कार्यकारी अभियंताओं को ईद-उल-अज़हा के दौरान निर्बाध बिजली और पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला भेड़ पालन विभाग को भी जिले के विभिन्न स्थानों पर पशु मेलों के आयोजन के निर्देश दिए गए ताकि कुर्बानी के पशुओं की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।
डीसी ने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया ताकि जिलेभर में ईद-उल-अज़हा का त्योहार शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।