राजोरी। अलविदा जुमे की नमाज को लेकर मुस्लिम समाज के लोगों में शुक्रवार को खासा उत्साह नजर आया। दोपहर को जामा मस्जिद समेत सभी प्रमुख मस्जिदों में नमाज के लिए रोजेदारों और नमाजियों की भीड़ उमड़ी। अल्लाह की इबादत कर नमाजियों ने देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।
इस दौरान पुलिस और प्रशासन के इंतजाम चौकस रहे। मस्जिद और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे अलविदा जुमे की विशेष नमाज शुक्रवार को जामा मस्जिद में हुई। दोपहर एक बजे से ही नमाजियों का आना शुरू हो गया था। मुस्लिम समाज में जुमे की नमाज को लेकर काफी उत्साह था। धूप और गर्मी की फिक्र किए बिना छोटे बच्चे भी काफी संख्या में जामा मस्जिद पहुंचे। नमाज से पहले मौलानाओं ने अपनी तकरीर में पूरे देश में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ की। उन्होंने नफरत समेत सारी बुराइयों को समाप्त करने और नेकी की राह पर चलने की सीख दी। कहा कि इंसानियत से बढ़कर दुनिया में कुछ नहीं है। आपस में भाईचारे की भावना से ही मुल्क की जनता हर तरह से सुरक्षित रहेगी। उन्होंने बुरी सियासत से भी बचने की सीख दी। इस मौके पर डीएसपी हेडक्वार्टर अश्वनी शर्मा समेत कई अधिकारी जामा मस्जिद के समीप मौजूद रहे। कानून व्यवस्था पर निगाह रखे रहे। नमाज से पहले विशेष रूप से सफाई कराई गई।