फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jammu News: अखनूर में सांसद निधि से बने कम्युनिटी हॉल का उद्घाटन

विज्ञापन
विज्ञापन
अखनूर। जम्मू लोकसभा क्षेत्र के सांसद जुगल किशोर शर्मा ने अखनूर में एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि किसी भी क्षेत्र की आर्थिक प्रगति और विकास में आधारभूत ढांचे की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा जम्मू-कश्मीर में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं।
विज्ञापन


सांसद जुगल किशोर शर्मा ने विधायक मोहन लाल भगत और पूर्व विधायक राजीव शर्मा के साथ मिलकर पक्का डंगा बाजार स्थित गवर्नमेंट मिडिल स्कूल बॉयज में सांसद विकास निधि के तहत निर्मित नए कम्युनिटी हॉल का उद्घाटन किया। इस हॉल के निर्माण पर करीब 15 लाख रुपये की लागत आई है।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने सांसद का स्वागत करते हुए लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने पर आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान हॉल को औपचारिक रूप से क्षेत्रवासियों को समर्पित किया गया।
विज्ञापन


सभा को संबोधित करते हुए सांसद जुगल किशोर शर्मा ने कहा कि अखनूर के केंद्रीय क्षेत्र में स्थित इस स्कूल में हॉल निर्माण की मांग स्थानीय लोगों द्वारा लंबे समय से उठाई जा रही थी। लोगों की आवश्यकता को देखते हुए उन्होंने एमपी फंड से राशि स्वीकृत की, जिससे अब विद्यार्थियों और स्थानीय कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

उन्होंने कहा कि जम्मू-अखनूर सड़क पहले संकरी, भीड़भाड़ वाली और दुर्घटनाओं के लिए कुख्यात थी। लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पर इसे राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में विकसित किया गया। उन्होंने बताया कि जम्मू से अखनूर तक फोरलेन सड़क का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। इससे क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है। वहीं अखनूर से सुंदरबनी, राजोरी और पुंछ तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य भी तेजी से जारी है। इसमें कई सुरंगों और कठिन पहाड़ी हिस्सों पर कार्य किया जा रहा है।

सांसद ने कहा कि इंद्री पत्तन से परगवाल पुल, सीआरएफ के तहत सड़कें, अस्पताल, डिग्री कॉलेज तथा प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कई प्रोजेक्ट भी प्रगति पर हैं और जल्द पूरे होंगे।

विधायक मोहन लाल भगत ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते वे हमेशा जनता की सेवा के लिए समर्पित हैं। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे और जनता के बीच उपलब्ध रहेंगे।

पूर्व विधायक राजीव शर्मा ने सांसद और विधायक का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके नियमित दौरे और विकास कार्यों से क्षेत्र की जनता को निरंतर लाभ मिलेगा।

कार्यक्रम में पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन संजीव शर्मा, जेडईओ अखनूर मंगत राम, भाजपा जिला अध्यक्ष कुलदीप कुमार, वरिष्ठ भाजपा नेता भारत भूषण गुप्ता, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष संजय सराफ, सुरिंदर शर्मा, बलदेव राज, जोगिंदर लाल, डॉ. राम लाल, पूर्व पार्षद अमिता गुप्ता, कुलदीप कुमार, करण सिंह, सोनू सलाथिया, अनिल शर्मा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, स्थानीय निवासी और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें