अखनूर। बैसाखी के पावन पर्व पर मंगलवार को ऐतिहासिक जियापोता घाट आस्था, उल्लास और परंपरा के अद्भुत संगम का साक्षी बना। सुबह से ही घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दूर-दराज़ से पहुंचे श्रद्धालुओं ने पवित्र चंद्रभागा नदी में स्नान कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
सुबह के समय श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान के साथ स्नान कर पारंपरिक “मल्हा” अर्पित किया। मेले में बच्चों के लिए झूले और मनोरंजन के साधन आकर्षण का केंद्र रहे।
संध्या समय जियापोता घाट पर भव्य आरती का आयोजन किया गया। जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। चंद्रभागा और गंगा मैया की आरती के साथ सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। इस अवसर पर विधायक मोहन लाल धर्मपत्नी सुनीता कंचन के साथ विशेष रूप से उपस्थित रहे। मेले के दौरान एसडीएम अखनूर की निगरानी में स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे