अखनूर। सुंगल मोड़ स्थित उपजिला अस्पताल के पास एक कोऑपरेटिव सोसाइटी के प्लाट में 22 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। शव को सबसे पहले प्लाट में काम करने वाले मजदूर ने देखा। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान वरुण पवार उर्फ गोल्डी, निवासी लहड़ गांव अखनूर के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शव के पास से एक माचिस में रखे दो कैप्सूल और कुछ पुरानी सिरिंजें बरामद हुई हैं। इससे आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत नशे की ओवरडोज के कारण हुई हो। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार अगस्त 2024 में वरुण को विजयपुर पुलिस ने 478 ट्रमाडोल कैप्सूलों के साथ गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। वह कुछ ही दिन पहले जेल से बाहर आया था।