अखनूर। जलशक्ति (पीएचई) विभाग के कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर वीरवार को जलशक्ति कर्मचारी संघ अखनूर की तरफ से बैठक की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष बीरबल शर्मा ने की। इसमें कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा हुई। बैठक में राम कृष्ण, मनोहर लाल, रमेश कुमार, नक्षत्र सिंह, सुरम चंद, सुखदेव सिंह समेत दर्जनों कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कर्मचारियों ने गैर-बायोमेट्रिक सीपी वर्कर्स की नियमित वेतन की बहाली, सभी अस्थायी कर्मचारियों का नियमितीकरण, सेवानिवृत्त कर्मचारियों और मृत कर्मचारियों के परिवारों को अनुग्रह राशि तथा दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के वेतन का भुगतान, वरिष्ठता के आधार पर सीपी कर्मचारियों को कार्य करने के लिए आवश्यक सामग्रियों की आपूर्ति जैसे मुख्य मुद्दों पर चर्चा की।
इस मौके पर अध्यक्ष बीरबल शर्मा ने बताया कि वर्तमान में कई सीपी वर्कर्स को उनके वेतन के लिए अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि जिन कर्मचारियों का रिकॉर्ड ऑनलाइन नहीं हुआ है। उन्हें वेतन नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि संघ ने मांग की है कि उनके वेतन को गैर-बायोमीट्रिक प्रक्रिया के तहत नियमित रूप से बहाल किया जाए, ताकि उन्हें समय पर भुगतान प्राप्त हो सके। उन्होंने वर्षों से सेवा कर रहे अस्थायी कर्मचारियों को जल्द नियमित करने की मांग की जिससे उन्हें स्थायी रोजगार और आर्थिक सुरक्षा मिल सके।
बैठक के उपरांत संघ के प्रतिनिधियों ने कार्यकारी अभियंता, जल शक्ति विभाग, अखनूर को अपनी मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा। संघ के पदाधिकारियों ने जलशक्ति विभाग के उच्चाधिकारियों से जल्द से जल्द इन मांगों को पूरा करने की अपील की, ताकि कर्मचारियों को राहत मिल सके।