अखनूर। जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) ने कुख्यात ड्रग एवं मवेशी तस्कर लाहू गुज्जर के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए कार्रवाई और तेज कर दी है। रविवार को एसओजी ने घरोटा और अखनूर पुलिस के साथ मिलकर अम्बारां इलाके में एक बड़ी छापेमारी की। इस दौरान एक महिला समेत दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। इनके पास से महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य बरामद हुए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ये छापेमारी लाहू गुज्जर से पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर की गई। हिरासत में लिए गए व्यक्तियों में शबीर अली उर्फ कालू निवासी अम्बारां निवासी और माजिदा निवासी बिश्नाह निवासी शामिल हैं। शबीर अली जलशक्ति विभाग में डेलीवेजर है। माजिदा के बारे में बताया जा रहा है कि वह शुक्रवार शाम को ही बिश्नाह से अम्बारां पहुंची थी।
तलाशी के दौरान टीम ने शबीर और उसकी पत्नी जमीला के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। पुलिस का मानना है कि इन फोनों की जांच से तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों और उनके काम करने के तरीकों का पता चल सकता है। उसके लिंक खंगाले जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, एसओजी ने शबीर के घर के साथ-साथ उसके चचेरे भाई माजिद खान निवासी अम्बारां के घर पर भी तलाशी ली।
सूत्रों के मुताबिक माजिदा लाहू की सहयोगी है और लंबे समय से उसके नेटवर्क का हिस्सा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि उससे पूछताछ में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं। हालांकि, आधिकारिक तौर पर उसकी भूमिका को लेकर अभी कोई पुष्टि नहीं की गई है।
बिश्नाह थाने में होगी पूछताछ
रविवार देर शाम दोनों संदिग्धों शबीर और माजिदा को हिरासत में लेकर बिश्नाह थाने ले जाया गया। यहां दोनों से पूछताछ होगी। लाहू गुज्जर पुलिस रिमांड पर है। बताया जाता है कि हिरासत में लिए गए इन नए संदिग्धों के साथ लाहू का क्रॉस-इंटरोगेशन (आमने-सामने बिठाकर पूछताछ) कराया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में कई खुलासे हो सकते हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में कुछ और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।