वारदात को अंजाम देने वाले चारों आरोपी है फरार, पुलिस तलाश में जुटी
आरोपियों ने खुद को दीनानगर की एक शराब फैक्ट्री का कर्मचारी बताया था
संवाद न्यूज एजेंसी
विजयपुर/मिश्रीवाला। सांबा जिले के विजयपुर में रविवार देर रात चार लोगों ने पंजाब से बुक होकर लाई एक कार को चालक से मारपीट कर छीन लिया। वारदात के बाद पूरे जिले में हाई अलर्ट जारी किया गया जिसके कुछ घंटों बाद लूटी गई कार कानाचक क्षेत्र से बरामद कर ली गई है। हालांकि आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
वारदात गांव रख बरोटिया के पास हुई। जानकारी के अनुसार कार (PB01 ई-6042) को चालक रवि कुमार से पंजाब के गुरदासपुर में चार युवकों ने किराए पर लिया था। आरोपियों ने खुद को दीनानगर की एक शराब फैक्ट्री का कर्मचारी बताया और कहा कि उन्हें विजयपुर में एक शादी समारोह में शामिल होना है।
कार बुक करने के बाद सभी उसमें सवार हो गए। इसके बाद रास्ते में एक बार चाय पीने के लिए रुके। इसके बाद विजयपुर क्षेत्र में पहुंचने पर सुनसान जगह पर उन्होंने धमकी दी और पूछा कि कार का जीपीएस कहां है। जीपीएस के बारे में नहीं बताने पर आरोपियों ने चालक से मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद रुपये और मोबाइल छीनने के साथ कार लेकर रिंग रोड से फरार हो गए।
कार चालक रवि कुमार ने विजयपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। वारदात के बाद सांबा जिला पुलिस ने हाई अलर्ट जारी किया। लोगों से भी अपील की कि संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में जानकारी मिलते ही पुलिस को सूचित करें। रिंग रोड इलाकों में कई टीमों को भेजा गया।
इस बीच, सूचना मिली कि उक्त कार कानाचक की गुज्जर बस्ती राजपुरा में खड़ी है। इस सूचना के बाद एसपी रूरल बृजेश शर्मा, एसडीपीओ दोमाना मुदस्सर हुसैन, एसएचओ विजयपुर और एसएचओ कानाचक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। यहां कार बरामद हो गई। हालांकि कार में उस समय कोई नहीं था। इसके बाद कार को कानाचक थाने लाया गया। आरोपी हत्थे नहीं चढ़े। कार किन लोगों ने छीना था और वारदात के पीछे उनका क्या मकसद था, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
कोट
विजयपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जल्द आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
- वरिंद्र सिंह, एसएसपी, सांबा
विजयपुर कार चालक रवि कुमार बारदात की जानकारी देते