चंडीगढ़ हत्याकांड : खंगाले जा रहे साजिश, सुपारी और गैंग से जुड़े तार
अमर उजाला ब्यूरो/संवाद
जम्मू/सांबा। चंडीगढ़ के सेक्टर-11 में श्री कुमार केमिस्ट के कैशियर जानकी दास की हत्या मामले में सांबा पुलिस मास्टरमाइंड रोहित कुमार उर्फ माखन को केंद्रीय जेल कोट भलवाल (जम्मू) से पूछताछ के लिए प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गई है। पुलिस का मानना है कि माखन से पूछताछ में हत्या की साजिश, इसमें शामिल लोगों और विभिन्न गैंग के संबंधों को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।
अब तक की जांच में सामने आया है कि जेल में बंद माखन अपने नेटवर्क से गैंग के सदस्यों के संपर्क में था। पुलिस पता लगा रही है कि चंडीगढ़ में हत्या करवाने का निर्देश किसने दिया। इसके पीछे मकसद क्या था और इस वारदात में किन-किन लोगों की भूमिका रही। जांच में यह भी सामने आया है कि माखन ने हत्या की जिम्मेदारी अमित कुमार उर्फ शराबी (सांबा) को सौंपी थी जिसने आगे शूटरों की मदद से वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, शराबी से पूछताछ में मिले इनपुट के आधार पर माखन को प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया है। इससे पहले चंडीगढ़ पुलिस भी अमित से पूछताछ कर चुकी है। अब सांबा पुलिस माखन और शराबी को आमने-सामने बिठाकर पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ेगी। गौरतलब है कि रोहित कुमार उर्फ माखन को पिछले वर्ष गांधीनगर पुलिस ने करीब 30 करोड़ रुपये की हेरोइन बरामदगी के मामले में गिरफ्तार किया था।
-
माखन ने शराबी को गोल्डी गैंग से जोड़ा
पुलिस जांच पता चला है कि वर्ष 2023 में अमित उर्फ शराबी रामगढ़ थाना क्षेत्र के एक मामले में जेल में बंद था। वहां उसकी मुलाकात माखन से हुई। सूत्रों के अनुसार माखन ने ही उसे गोल्डी गैंग से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई। जेल से बाहर आने के बाद अमित ने गोल्डी गैंग से संपर्क किया और इसमें शामिल हो गया। इसके बाद गोल्डी गैंग के माध्यम से हथियार उपलब्ध कराए गए जिनका इस्तेमाल चंडीगढ़ हत्याकांड में किया गया।