गाड़ी का टायर फटने से हुआ हादसा
संवाद न्यूज़ एजेंसी
बिश्नाह। रविवार को भद्रवाह के साज वैली के पास नॉल्थी में सड़क हादसा हुआ। इसमें बिश्नाह के रहने वाले एक ही परिवार के चार सदस्य घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा गाड़ी का टायर अचानक फटने के कारण हुआ। इसके चलते गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई।
घायलों में बिश्नाह वार्ड नंबर 13 के निवासी सतीश कुमार (56), उनकी पत्नी अनु गुप्ता (45) और उनके दो बच्चे मनत गुप्ता (16) व कनव गुप्ता (14) शामिल हैं। इनके अलावा, भद्रवाह निवासी मुर्तजा (28) भी दुर्घटना में घायल हो गए। इसकी सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों की सहायता से सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए एसडीएच भद्रवाह पहुंचाया गया। हादसे में गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह है कि दुर्घटना का शिकार हुए परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, सभी सदस्यों को केवल मामूली चोटें आई हैं। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई है।