आरएस पुरा। सीमावर्ती गांव भोजपुर में चोरों ने रात को एक स्टोर से धान के 56 बैग चोरी कर लिए। किसान ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई है।
किसान जितेंद्र कुमार ने फसल की कटाई के बाद धान की बोरियों को श्मशान घाट के समीप अपने स्टोर में रखा था। बीती रात को दो वाहनों में सवार होकर चोर आए और स्टोर के पिछली दीवार तोड़कर 56 बैग धान चोरी कर ले गए।
पुलिस ने स्टोर में पहुंचकर जांच की तो पाया कि वहां डेढ़ सौ के करीब बैग रखे थे। जिस तरीके से इस वारदात को अंजाम दिया गया है। उससे साफ लग रहा है कि यह किसी एक या दो चोरों का काम नहीं है बल्कि इसके पीछे कई लोगों का हाथ है। एक साथ इतनी बोरियों को अपने साथ ले जाने के लिए चोरों ने कम से कम दो वाहनों का प्रयोग किया था।
यही नहीं चोर शुक्रवार रात को एक किसान की खेत में रखी पराली भी चोरी कर ले गए। पंचायत के पूर्व सरपंच जसबीर समोत्रा व अन्य कहा कि पुलिस चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाए। इस संबंध में आरएस पुरा थाना प्रभारी नवीन अंगराल का कहना है कि नाको पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर इस मामले में चोरों की धरपकड़ के लिए कार्रवाई जारी है।
बिजली विभाग के स्टोर में चोरी के मामले में 6 उठाए
मीरां साहिब क्षेत्र में बिजली विभाग के स्टोर में नवंबर माह में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने छह लोगों को पकड़ा है। इनसे पूछताछ जारी है। पुलिस इनके नामों का खुलासा नहीं कर रही है।