सप्ताहांत के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में आई गिरावट
संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा। मां वैष्णो देवी के दरबार में सोमवार को दिनभर मौसम मिला जुला रहा। इससे श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम और आरामदायक रही। रविवार रात अचानक मौसम ने करवट ली और गरज के साथ तेज हवाएं चलती रहीं। इसी बीच कुछ देर के लिए श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान बारिश का सामना करना पड़ा।
सोमवार को सुबह से ही आसमान में बादलों का जमघट लगा रहा। हालांकि दोपहर बाद मौसम साफ हो गया। पल पल बदल रहे मौसम के बावजूद मां वैष्णो देवी की यात्रा सुचारु रही। अनुकूल मौसम के कारण श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए भवन की ओर प्रस्थान करते रहे।
सुबह से ही यात्रा पंजीकरण काउंटरों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। श्रद्धालु व्यवस्थित ढंग से अपने आरएफआईडी कार्ड बनवाकर जय माता दी के जयकारों के साथ यात्रा मार्ग पर आगे बढ़ते नजर आए। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारु रहीं, जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
प्रशासन एवं श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड द्वारा सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, साफ-सफाई तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की निरंतर निगरानी की जा रही है। यात्रा मार्ग पर तैनात सुरक्षा बलों और संबंधित विभागों के कर्मचारी श्रद्धालुओं को आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता उपलब्ध कराते रहे। मेडिकल यूनिट, आपातकालीन सेवाएं और विश्राम स्थलों पर भी पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
वहीं, 10 मई रविवार को 32,500 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी की यात्रा की थी। 11 मई शाम 6 बजे तक करीब 22 हजार श्रद्धालुओं ने पंजीकरण काउंटरों से आरएफआईडी कार्ड प्राप्त कर भवन की ओर प्रस्थान किया। यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं श्राइन बोर्ड संयुक्त रूप से कार्य कर रहे हैं। भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था तथा यात्रा मार्ग की निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।