-पुरिया क्षेत्र में फिसली बाइक, घायल युवक रियासी रेफर
पौनी। कस्बे के पुरिया क्षेत्र में सोमवार शाम सड़क पर पड़ी बजरी एक बाइक सवार के लिए जानलेवा साबित हुई। बजरी पर फिसलने से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल रियासी रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार जेके11जी-1814 नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार प्रमोद सिंह पुत्र रत्न सिंह निवासी शक्तिनगर भारख पुरिया से गुजर रहा था। सड़क के बीच बिखरी बजरी पर बाइक फिसल गई और प्रमोद सड़क पर गिरकर बुरी तरह जख्मी हो गया।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पौनी पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रियासी रेफर कर दिया। स्थानीय लोगों ने सड़क पर पड़ी बजरी को हादसे का मुख्य कारण बताया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के बाद ठेकेदार बजरी सड़क पर ही छोड़ देते हैं। इससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से तुरंत सड़क की सफाई करवाने और लापरवाह ठेकेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।