जम्मू। केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर को स्विट्जरलैंड के दावोस जैसे मंच के रूप में तैयार किया जाना चाहिए। दावोस में विश्व आर्थिक संगठन की वार्षिक बैठक होती है। उसी तरह से जम्मू-कश्मीर में भी विश्व स्तरीय बैठक हो सकती है। इसमें आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय प्रदेश सरकार की हर संभव मदद करेगा। जम्मू कन्वेंशन सेंटर में रियल एस्टेट सम्मेलन के मुख्य अतिथि पुरी ने कहा-मैंने विश्व के कई देशों का भ्रमण किया है, लेकिन जम्मू-कश्मीर जैसा सुंदर प्रदेश कहीं नहीं है। पुरी ने कहा कि रियल एस्टेट क्षेत्र के निवेशकों के लिए जीएसटी कम किया जाएगा।
पुरी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर आर्थिक विकास में पीछे क्यों रह गया, इसके लिए वह किसी पर आरोप नहीं लगाएंगे। यही कहेंगे कि हमारे में ही कमियां रही हैं। पुरी ने कहा कि यहां रियल एस्टेट क्षेत्र में देश भर के निवेशकों का आना बड़ी बात है। इससे बेरोजगारी दूर होगी। मंत्री ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में आवास, पर्यटन, हॉस्पिटेलिटी आदि के क्षेत्र में दो से तीन लाख यूनिटों की मांग है। इस सम्मेलन के बाद मांग को पूरा करने पर ध्यान दिया जाएगा। पुरी ने कहा कि टेनेंसी एक्ट को लेकर बैठक की गई थी। यहां आकर पता चला कि एक्ट को लागू भी कर दिया गया है। यह सराहनीय है।
विजयपुर एम्स तक मेट्रो पर जल्द लेंगे फैसला
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि जम्मू मेट्रोलाइट परियोजना को जम्मू से विजयपुर एम्स तक ले जाने की मांग पर जल्द फैसला लिया जाएगा। पुरी ने कहा कि स्थानीय सांसद जुगल किशोर शर्मा ने संसद में इस मुद्दे को उठाया था। उन्होंने मेट्रोलाइट परियोजना की डीपीआर में बदलाव कर ट्रैक को वियजपुर एम्स तक ले जाने पर जोर दिया था। संसद में भी उन्होंने इस पर विचार करने की बात कही थी। आज जम्मू आने का मौका मिला है तो वे आश्वासन देना चाहते हैं कि जम्मू मेट्रोलाइट का विस्तार विजयपुर एम्स तक करने संबंधी जल्द फैसला लिया जाएगा।