उधमपुर/रामबन/जम्मू। रामबन जिले में पस्सियां गिरने से जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे खुलने के कुछ घंटे बाद फिर बंद हो गया। सोमवार से बंद हाईवे को मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे यातायात के लिए बहाल किया गया। इस दौरान वाहनों को चरणवार रवाना किया गया, लेकिन शाम पंाच बजे कैफेटेरिया मोड़ पर फिर से पस्सियां गिर गईं, जिससे हाईवे को पूरी तरह से बंद करना पड़ा। इस दौरान वाहन फंसे रहे।
बर्फबारी और बारिश के बाद दो दिन से साफ मौसम के कारण जम्मू कश्मीर के दिन के तापमान में बढ़ोतरी हुई है, लेकिन कश्मीर के पर्यटन स्थल पहलगाम और गुलमर्ग में रात का न्यूनतम तापमान माइनस दस डिग्री से भी नीचे चला गया है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार आगामी दिनों में प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। राजधानी श्रीनगर में मंगलवार को दिन का तापमान 9.2 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री दर्ज किया गया। पहलगाम में बीती रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री गिरकर माइनस 10.4, गुलमर्ग में माइनस 10.6 डिग्री, जम्मू में दिन का तापमान 19.6 और बीती रात का न्यूनतम तापमान 6.2, बनिहाल में बीती रात का न्यूनतम तापमान 0.2 दर्ज किया गया।