जम्मू। जम्मू कश्मीर में भले ही आधिकारिक तौर पर कोविड की तीसरी लहर की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन दिन ब दिन बढ़ रही सकारात्मकता दर इसकी पुष्टि कर चुकी है। आधिकारिक आंकड़ों पर नजर दौड़ाएं तो यह लहर पिछले सारे रिकार्ड तोड़ने लगी है। पहली लहर में जहां 100 से 1000 मामले पहुंचने में 78 दिन और दूसरी लहर में 25 दिन लगे थे। वहीं, अब तीसरी लहर में 13 दिन में ही एक हजार से पार हो गए हैं। कोविड विशेषज्ञों के अनुसार आगामी दिनों में यह आंकड़े हजारों में आने की आशंका है।
सार्स कोविड2 वायरस की पहली लहर में जम्मू-कश्मीर में 78वें दिन में प्रतिदिन 1079 संक्रमित मामले दर्ज किए थे, उस दौरान 17 जून 2020 को प्रतिदिन आंकड़ा 108 रहता था, जिसके बाद इसने गति पकड़ी। इसी तरह दूसरी लहर के दौरान 17 मार्च 2021 को प्रतिदिन आंकड़ा 97 रह रहा था, जिसके बाद संक्रमण का दायरा बढ़ा। वर्तमान में 17 दिसंबर 2021 को प्रतिदिन आंकड़ा 104 था जो बढ़कर अब प्रतिदिन एक हजार से ऊपर पहुंच गए हैं। देश में महाराष्ट्र, केरल, दिल्ली जैसे राज्यों में भी सकारात्मकता दर ने ऐसे ही गति पकड़ी, जिसके बाद अब हालात खराब होते नजर आ रहे हैं। दूसरी लहर के दौरान पीक पर संक्रमण का प्रसार होने पर प्रतिदिन मामले दो हजार के करीब पहुंचे थे, लेकिन अब तीसरी लहर में यह आंकड़ा कई हजारों में पहुंच सकता है। स्वास्थ्य निदेशक जम्मू डॉ. सलीम उर रहमान का दावा है कि तीसरी लहर से निपटने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। हमारे पास 84 से अधिक कार्यात्मक ऑक्सीजन संयंत्र, दो 500 बिस्तर वाले डीआरडीओ अस्पताल और 250 से अधिक वेंटिलेटर समर्थित बिस्तर हैं। सभी जिला अस्पतालों में गहन देखभाल सुविधाएं उपलब्ध हैं और उपजिला अस्पतालों के स्तर तक कोविड रोगियों के लिए पर्याप्त संख्या में बिस्तर उपलब्ध हैं।
-------
टीकाकरण की शीर्ष रैंकिंग में जम्मू-कश्मीर शामिल
जम्मू। जम्मू कश्मीर कोविड 19 महामारी के खिलाफ लड़ाई में सर्वश्रेष्ठ सुसज्जित राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में से एक है। जनसंख्या के आधार पर शत प्रतिशत टीकाकरण प्राप्त करने वाला यह देश का दूसरा राज्य/क़ेंद्र शासित प्रदेश बना है। स्वास्थ्य निदेशक जम्मू ने कहा कि कोविड मामलों में तेजी से वृद्धि हो रही है। ऐसे में घबराहट से बचकर कोविड उचित व्यवहार का गंभीरता से पालन करें। प्रदेश में 18 से अधिक आयु वर्ग में दोनों खुराक में शत प्रतिशत टीकाकरण के लक्ष्य को हासिल कर लिया है।