मीरां साहिब। युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव अंकुश रैना ने कहा कि पिछले दिनों जिन लोगों ने पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद गुलाम नबी आजाद के खिलाफ जम्मू के प्रेस क्लब के बाहर प्रदर्शन किया था, उनका कांग्रेस पार्टी के साथ कोई लेना-देना नहीं है। अन्य राजनीतिक दलों के इशारे पर गुलाम नबी आजाद की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया।
गांव ब्रिज नगर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव अंकुश रैना ने कहा कि तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे आजाद का जम्मू के लोगों ने जोरदार तरीके के साथ स्वागत किया था, जिसके बाद कुछ लोग बौखलाहट में आ गए और उनके खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। रैना ने कहा कि उन लोगों को यह बात समझनी होगी कि जम्मू-कश्मीर में गुलाम नबी आजाद से बड़ा नेता कोई नहीं है और जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने जो विकास कार्य करवाए थे, उन्हें आज भी याद रखा जाता है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने कांग्रेस पार्टी का झंडा लेकर गुलाम नबी आजाद के खिलाफ प्रदर्शन किया है उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाइ की जाए। प्रदर्शन में कुछ ऐसे लोग शामिल थे, जो कांग्रेस पार्टी के खिलाफ जिला विकास परिषद चुनाव में उतरे थे। इस मौके पर देवराज, राज कुमार सहित युवा कांग्रेस के अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।