जम्मू। निजी क्षेत्र में रोजगार के इच्छुक युवाओं के लिए रोजगार विभाग पोर्टल तैयार कर रहा है। यह पोर्टल नवंबर तक शुरू हो जाएगा। पोटर्ल पर प्रदेश सहित देश की बड़ी निजी कंपनियां में भर्ती के साथ प्रदेश व केंद्र सरकार द्वारा युवाओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध होगी।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जम्मू-कश्मीर का बजट जारी करते हुए निजी क्षेत्र में रोजगार के इच्छुक युवाओं की मदद के लिए एक पोटर्ल शुरू करने की बात कही थी। इस कड़ी में प्रदेश रोजगार विभाग इस पोटर्ल को तैयार रहा है। नवंबर तक यह युवाओं के लिए शुरू हो जाएगा। पोटर्ल में निजी क्षेत्र में रोजगार के इच्छुक युवा अपने कौशल, योग्यता के अनुसार रोजगार की जानकारी हासिल कर सकेंगे। रोजगार विभाग से पंजीकरण की ऑनलाइन सुविधा होगी। युवाओं को पोटर्ल से सिर्फ रोजगार संबंधित जानकारी मिलेगी, जिसमें भर्ती एजेंसी की भी जानकारी होगी। इसके साथ ही युवाओं के लिए रोजगार मेले के आयोजन की भी जानकारी उपलब्ध होगी। विभाग इसके साथ विदेशों में नौकरी प्राप्त करने में युवाओं को सहायता प्रदान करने के लिए विदेशी रोजगार निगम का नवीनीकरण करेगा।
---
जून 2021 तक 73 हजार बेरोजगार युवा पंजीकृत
रोजगार विभाग के साथ जून 2021 तक 73361 बेरोजगार युवाओं ने पंजीकरण करवाया है। कश्मीर संभाग से 24453, जबकि जम्मू संभाग से 48908 युवा हैं। कश्मीर संभाग से 6289 स्नातक, 3074 स्नातकोत्तर, 2200 डिग्री होल्डर, 1698 डिप्लोमा होल्डर हैं। वहीं जम्मू संभाग से 5125 स्नातक, 21205 स्नातकोत्तर, 1675 डिप्लोमा होल्डर, 3114 डिग्री होल्डर बेरोजगार युवाओं ने विभाग के साथ पंजीकरण व रोजगार के लिए आवेदन किया है।