अखनूर। क्षेत्र से सटे चौकी चौरा इलाके से सेना ने एक बांग्लादेशी नागरिक को पकड़ा है। उसकी संदिग्ध हरकत को देखते हुए कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। उसके संवेदनशील इलाके में पहुंचने के बारे में पता लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार चौकी चौरा क्षेत्र के गांव पनेह में सेना के जवानों ने शुक्रवार रात को संदिग्ध अवस्था में घूमते एक व्यक्ति को देखा। उसे जवानों ने हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान हाडिजुल (37) बांग्लादेशी के रूप में हुई है, उसके पास से 300 रुपये और पांच किलो चावल बरामद हुए हैं।
पुलिस ने शनिवार को उपजिला अस्पताल में उसका मेडिकल कराने के बाद जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी हिलाल अजहर ने बताया कि संदिग्ध व्यक्ति को सेना के जवानों ने पकड़ा है और उसकी जांच की जा रही है।