पौनी। बारिश से कई लोगों के कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचा है, वहीं कई पक्के मकानों के भी गिरने का खतरा बना हुआ है। माड़ी नाला की पंचायत कलहाड़ निवासी मोहम्मद फारूक ने बताया कि उनके घर के ऊपर पहाड़ी को काटकर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क बनाई गई थी। उसमें से निकलने वाला मलबा हमारे घरों की तरफ फेंक दिया गया था। अब पिछले साल से सारा पानी नीचे हमारे मकानों की तरफ आ रहा है। कई बार अधिकारियों को बताया भी लेकिन किसी ने सुनवाई नहीं की। अब जारी बारिश से पहाड़ी से सारा मलबा नीचे पक्के मकान पर आ गया है। बारिश का पानी घर के अंदर घुस जाने से सारा सामान खराब हो रहा है। बच्चे लेकर हम कहां जाएं अगर हमारा मकान गिरा तो इसका जिम्मेदार प्रशासन होगा।
काम करवा रहे अधिकारियों ने कहा कि नीचे फेंका हुआ मलबा उठा लेंगे, लेकिन उसके बाद काम खत्म कर वह चले गए। हमारे मकान को खतरा बना है सारा मलबा नीचे गिर जाने के कारण मकान को दरारें आ गई हैं। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि उनके मकान को बचाने के लिए जल्द से जल्द उचित कदम उठाया जाएं।