अमृतसर से परिवार के साथ दर्शन को लिए आए श्रद्धालु वापसी के लिए स्टेशन पर बैठे हुए। संवाद
कटड़ा। धर्मनगरी में मंगलवार को मूसलाधार बारिश के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया। भारी बारिश के कारण भवन मार्ग सहित आसपास के इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं।
जानकारी के अनुसार ट्रेन मार्ग चक रखवाला सहित कई स्थानों पर भूस्खलन होने से रेल सेवाएं ठप हो गई हैं। ऐसे में मां वैष्णो देवी के दर्शनों के बाद लौट रहे हजारों श्रद्धालुओं को अपने घरों की ओर रवाना होने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। रेल सेवा बाधित होने से यात्रियों की भीड़ कटड़ा बस अड्डे में बढ़ गई है। हालांकि प्रशासन की ओर से कुछ बसों को यूनिवर्सिटी मार्ग से डायवर्ट कर जम्मू तक भेजा जा रहा है, ताकि फंसे हुए श्रद्धालुओं को राहत मिल सके। बावजूद इसके अधिक संख्या में श्रद्धालु यात्री असुविधा झेल रहे हैं और लंबे इंतजार के बाद ही उन्हें बसों में जगह मिल पा रही है।
स्थानीय प्रशासन और श्राइन बोर्ड के अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिससे हालात और बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से यात्रा न करें और मौसम सामान्य होने तक सुरक्षित स्थानों पर ही ठहरें। कटड़ा से जम्मू और अन्य राज्यों के लिए यात्रा करने वाले श्रद्धालु रेलवे मार्ग खुलने का इंतजार कर रहे हैं, जबकि बस सेवा भी सीमित संख्या में ही उपलब्ध है। ऐसे में श्रद्धालुओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समय कटड़ा में हालात यह हैं कि हल्की बारिश के कारण जहां एक ओर श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित हुई है वहीं दूसरी ओर प्रशासन लगातार राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है। वहीं अमृतसर से परिवार व अन्य साथियों के साथ आए संजीव व राजू का कहना है कि ट्रेनें बंद हैं मगर जम्मू जाने के लिए बसों में सफर करना पड़ेगा और हम बिना दर्शनों के ही वापस अपने घरों की ओर जा रहे हैं।