रामनगर। उधमपुर-रामनगर मार्ग के बीच पड़ते कोघ इलाके में यात्री बस दुर्घटना का शिकार हो गई। बस एक मेटाडोर को बचाने के चक्कर में पहाड़ी से जाकर टकराई। हादसे में सभी यात्री बाल बाल बचे।
जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह उधमपुर से रामनगर की ओर आ रही यात्री बस (जेके14बी 3979) जब रामनगर के कोघ इलाके के बैंसता मोड़ के पास पहुंची तो सामने से मेटाडोर आ रही थी। इसी को बचाने के चक्कर में यात्री बस पहाड़ी से टकरा गई। बस में बैठे सभी यात्रियों को चालक की खिड़की तथा इमरजेंसी खिड़की से निकाला गया। यात्री बस के चालक ने मेटाडोर चालक पर आरोप लगाया कि वह वाहन चलाते समय फोन का इस्तेमाल कर रहा था। यही नहीं रांग साइड चल रहा था। इसी के चलते हादसा हुआ।