जम्मू। आरएसपुरा, रियासी, जम्मू संभाग में अवैध रूप से रहने वाले पाकिस्तान के नागरिकों को वापस भेजे जाने की मांग को लेकर संबंधित डीसी को ज्ञापन सौंपा। जम्मू में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे भाजपा विधायकों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने डीसी आफिस तक हाथों में आतंकवाद पर कड़ा प्रहार, पाकिस्तान मुर्दाबाद के नारों से लिखी तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया। बाद में डीसी सचिन वैश्य को ज्ञापन सौंपा।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सत शर्मा ने डीसी सचिन वैश्य को सौंपे गए ज्ञापन में मांग की कि जिले में अवैध रूप से रहने वाले पाकिस्तान के नागरिकों को तत्काल वापस भेजा जाए। आतंकवाद के खिलाफ केंद्र सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। इसमें लंबे समय से शहर में रहने वाले पाकिस्तान के नागरिकों को वापस भेजने का काम जरूरी है। सांसद जुगल किशोर शर्मा के नेतृत्व में पहुंचे भाजपा के पदाधिकारियों, विधायकों ने डीसी आफिस तक पाकिस्तान के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कहा कि वह आतंकवाद का पोषक है और पहलगाम आतंकी हमले के पीछे इसका हाथ है। ऐसे मेंं सरकार की तरफ से उठाए जा रहे कदमों के बाद पाकिस्तान तिलमिला रहा है। भाजपा नेतृत्व के निर्देश पर जम्मू संभाग के दूसरे जिलों में भी भाजपा विधायकों ने संबंधित डीसी को ज्ञापन सौंपकर अवैध रूप से रहने वाले पाकिस्तान के नागरिकों को वापस भेजने की मांग की। डीसी सचिन कुमार वैश्य से सभी को आश्वस्त किया कि इस मामले में ऊपर से जो निर्देश मिले हैं उसके अनुसार कार्रवाई जारी है। ज्ञापन देने वालों में प्रमुख रूप से
जम्मू-कश्मीर भाजपा के उपाध्यक्ष और विधायक शाम लाल शर्मा, प्रो. घारू राम भगत, डॉ. राजीव भगत, अरविंद गुप्ता और मोहन लाल भगत, विधायक, भारत भूषण, डीडीसी अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष एडवोकेट। इस अवसर पर राजेश गुप्ता, नरेश सिंह जसरोटिया, नंद किशोर शर्मा, रिंकू चौधरी, कुलदीप राज शर्मा मौजूद थे।
इनसेट -
विधायक नरिंदर सिंह ने एसडीएम आरएसपुरा को सौंपा ज्ञापन
जम्मू। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव एवं विधायक डॉ. नरिंदर सिंह ने एसडीएम आरएस पुरा के माध्यम से प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर जम्मू में अवैध रूप से रह रहे पाकिस्तानियों को वापस भेजने की मांग की। वहीं महासचिव एवं विधायक डॉ. देविंदर कुमार मन्याल ने कठुआ के डीसी को ज्ञापन सौंपा। जम्मू-कश्मीर भाजपा के महासचिव एडवोकेट विबोध गुप्ता, विधायक बलदेव राज शर्मा, रियासी के विधायक कुलदीप राज दुबे, रियासी के जिला अध्यक्ष रोहित दुबे ने रियासी के डीसी के माध्यम से प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर रियासी में अवैध रूप से रह रहे पाकिस्तानियों को वापस भेजने की मांग की।