जम्मू। पुलिस कांस्टेबल दूरसंचार भर्ती परीक्षा में विसंगतियों के आरोपों की जांच शुरू हो गई है। जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) की तरफ से बनाई जांच समिति कुछ उम्मीदवारों को पूछताछ के लिए कार्यालय बुला रही है। समिति उम्मीदवारों से परीक्षा से जुड़े प्रश्न ही पूछ रही है। जेकेएसएसबी के चेयरमैन ने बोर्ड के सदस्यों को मामले की जांच सौंपी है।
पुलिस कांस्टेबल भर्ती में दूरसंचार व फोटोग्राफर पदों की लिखित परीक्षा के उम्मीदवारों ने अनियमितताओं का आरोप लगाया है। आरोप है कि दूरसंचार व फोटोग्राफर परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को कांस्टेबल भर्ती के कार्यकारी, सशस्त्र व एसडीआरएफ परीक्षा में शून्य से लेकर 30 अंक ही थे। इन आरोपों को गंभीरता से लेते हुए बोर्ड चेयरमैन ने एक समिति बनाई है। समिति ने कुछ उम्मीदवारों को चिह्नित किया हैं, जिनके कार्यकारी सशस्त्र व एसडीआरएफ परीक्षा में अंक कम हैं, जबकि दूरसंचार व फोटोग्राफर की परीक्षा में उन्हें बेहतर अंक मिले हैं।
पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा एक, आठ और 21 दिसंबर 2024 को हुई थी। 4,002 पदों पर भर्ती की जानी थी। 16 जनवरी को जेकेएसएसबी ने परीक्षा का परिणाम जारी किया था। इसके बाद दूरसंचार व फोटोग्राफर की परीक्षा में विसंगतियों के आरोप लगे। उम्मीदवारों ने एक्स पर आवाज उठाने के बाद पीडीपी नेता इल्तिजा मुफ्ती व पुलवामा से विधायक वहीद पर्रा ने जांच की मांग की थी। आरोपों के बाद जेकेएसएसबी चेयरमैन ने जांच के लिए एक समिति बनाई। जांच को लेकर जेकेएसएसबी के अधिकारी कुछ कहने से बच रहे हैं। पुलिस कांस्टेबल भर्ती के परिणाम घोषित हुए एक महीना हो गया है, लेकिन अभी तक शारीरिक परीक्षा का शेड्यूल जारी नहीं हुआ है।