जम्मू। बायो मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट का शहर में आडिट कराए जाने के निर्देश डीएम जम्मू सचिन कुमार वैश्य ने दिए हैं। निर्देशों में कहा कि जिले में सभी सरकारी और निजी स्वास्थ्य सुविधाओं को दे रहे संस्थान अपनी मौजूदा अपशिष्ट प्रबंधन निपटान को लेकर विस्तृत रिपोर्ट देंगे।
डीएम ने निर्देश दिए कि बायोमेडिकल वेस्ट प्रोटोकाल का पालन करने में कोई कमी न रहने पाए। डीएम जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक ले रहे थे। जिसमें उन्होंने बायो मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट और हैंडलिंग नियमों को लागू करने की समीक्षा की। सीएमओ डाॅ. हरबख्श सिंह को सार्वजनिक और निजी स्वास्थ्य सुविधाओं में बायो-मेडिकल वेस्ट हैंडलिंग, निपटान और प्रसंस्करण सुविधाओं को बेहतर करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बैठक में डीएम ने इस पूरे अभियान की जिम्मेदारी अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त शेर सिंह को सौंपी। डीएम ने कहा कि यह सुनिश्चित करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है कि अपशिष्ट निपटान निर्धारित मानदंडों के अनुरूप हो। जिससे हमारे जिले के नागरिकों के स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता की रक्षा हो सके।
बैठक में कार्यकारी अभियंता पीएचई राजेश शर्मा, मंडल अधिकारी एसपीसीबी, स्वास्थ्य अधिकारी जेएमसी डाॅ. विनोद शर्मा, एचओडी मेडिसिन सरकारी मेडिकल कालेज जम्मू डा.विजय कुंडल, जिला स्वास्थ्य अधककारी डाॅ. समीना नजीर, नोडल अधिकारी बायो मेडिकल अपशिष्ट प्रबंधन डाॅ. ज्योति भाऊ मौजूद थे।