खेलों इंडिया विंटर गेम्स से मिलेगा पर्यटन को बढ़ावा : डुल्लू
जम्मू। जम्मू-कश्मीर में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए खेलो इंडिया विंटर गेम्स महत्वपूर्ण है। इसमें प्रतियोगिता का उद्घाटन 22 फरवरी को होगा, जबकि समापन 25 फरवरी को किया जाएगा।
यह बात गुलमर्ग में खेलो इंडिया विंटर गेम्स के 5वें संस्करण के सफल आयोजन के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लेने के लिए हुई बैठक में कही। डुल्लू ने कहा कि इसके अलावा पहली रात को लेजर और ड्रोन शो के साथ सांस्कृतिक संध्याएं भी होंगी। उन्होंने प्रमुख पर्यटन स्थलों में ब्रांड जेएंडके को बढ़ावा देने में ऐसे राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि गुलमर्ग पूरे देश में सबसे बड़े स्की स्थलों में से एक है। इसका उपयोग अंतरराष्ट्रीय स्कीयरों के लिए विशेष प्रतियोगिताएं आयोजित करके उन्हें आकर्षित करने के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने आयोजन स्थल पर अपने खिलाड़ियों के लिए हेलिस्कीइंग प्रतियोगिता आयोजित करने की संभावना तलाशने के लिए कहा।
शीतकालीन खेलों के सफल आयोजन के संबंध में मुख्य सचिव ने संभागीय प्रशासन को अन्य विभागों के साथ समन्वय करने को कहा। इससे खेलों का आयोजन शानदार ढंग से हो सकेगा। मुख्य सचिव ने युवा सेवा एवं खेल विभाग को इस आयोजन के बारे में आवश्यक चर्चा करने के लिए अपने सोशल मीडिया हैंडल पर प्रचार अभियान शुरू करने का निर्देश दिए। उन्होंने इन दिनों के दौरान बिजली और पानी की निर्बाध आपूर्ति के प्रावधान के अलावा सुरक्षा, स्वच्छता, परिवहन, स्वास्थ्य, यातायात प्रबंधन की भी समीक्षा की।
मुख्य सचिव ने वहां ठंड के मौसम को देखते हुए रात के समय सांस्कृतिक कार्यक्रमों और प्रदर्शनों के आयोजन के लिए उपयुक्त व्यवस्था करने को कहा। युवा सेवाएं विभाग के सचिव सरमद हफीज ने बैठक में बताया कि जम्मू-कश्मीर इस साल सीधे 5वीं बार इन शीतकालीन खेलों की मेजबानी कर रहा है। इस बार एक शानदार प्रदर्शन आयोजित करने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि अल्पाइन स्कीइंग, नॉर्डिक स्कीइंग, स्की माउंटेनियरिंग और स्नो बोर्डिंग जैसी खेल प्रतियोगिताएं इस साल खेलो इंडिया विंटर गेम्स-2025 के हिस्से के रूप में गुलमर्ग में आयोजित की जाएंगी।