जम्मू। प्रदेश में कृषि ढांचे को मजबूत बनाने के लिए 117.58 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक परियोजना को मंजूरी दी गई है। इससे कृषि प्रोफाइल बदलेगा। किसान मालामाल होंगे। यह बात कृषि उत्पादन मंत्री जावेद अहमद डार ने बैठक में दी। इस मौके पर सचिव एपीडी शैलेन्द्र कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मंत्री ने कहा कि नाबार्ड के तहत स्वीकृत अन्य प्रमुख परियोजनाओं में पशुपालन की 12 परियोजनाएं शामिल हैं। इसमें ग्यारह पशु अस्पतालों, एक प्रशिक्षण संस्थान का निर्माण और उन्नयन शामिल है। बांदीपोरा, गांदरबल और अनंतनाग में जिला पशु अस्पतालों के निर्माण के अलावा किश्तवाड़, भद्रवाह, सांबा, कठुआ, गुज्जर कॉलोनी जम्मू, कालाकोट, परगवाल और जिलों में जिला पशु अस्पतालों का उन्नयन शामिल है।
मंत्री ने कहा कि शेर-ए-कश्मीर कृषि विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय जम्मू-कश्मीर में अत्याधुनिक छात्रावासों सहित अतिरिक्त बुनियादी ढांचे का विकास होगा। कमांड एरिया डेवलपमेंट एंड वाटर मैनेजमेंट (सीएडीडब्ल्यूएम) में बुनियादी ढांचे के विकास को सुनिश्चित करने के लिए 14 सीएडी परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। विभिन्न जिलों में 4639.31 लाख सिंचाई और फील्ड चैनलों के कायाकल्प पर ध्यान केंद्रित किया गया।